बारिश का पानी दुकानों में घुस रहा
तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा के नकरोड़ बाजार में पानी की निकासी नालियां दुरुस्त नहीं होने से बारिश का सारा पानी दुकानों में घुस रहा है। इसके कारण कारोबारियों को काफी दिक्कताें का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों में इस बात को लेकर खासा रोष है कि यह समस्या करीब एक माह से बनी हुई है, बावजूद इसके संबंधित विभाग ने अभी तक नालियों को दुरुस्त नहीं किया है।
स्थानीय निवासी गनी मोहम्मद, एबी खान, शुक्रदीन, परवेज, हमीद मोहम्मद, लाल चंद, नेगी राम, चैन सिंह, कयूम खान और मोती ने बताया कि जब भी बारिश होती है तो भारी मात्रा में पानी आता है, लेकिन नालियाें की हालत दयनीय होने के कारण पानी उनकी दुकानों में घुस जाता है। इसके कारण उनका सामान खराब हो जाता है। सड़क पर भी पानी ही पानी हो जाता है। इसके कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि सड़क किनारे बनीं निकासी नालियों की मरम्मत की जाए। वहीं इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता कुमुद उपाध्याय ने बताया कि समस्या उनके ध्यान में नहीं है। अगर ऐसा है तो जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।