जड़ेरा (चंबा)। जडेरा क्षेत्र की तीन पंचायतों में बीते चार दिन से बीएसएनएल की सेवाएं ठप पड़ी हुई हैं। सिग्नल गुल होने से सैकड़ों उपभोक्ता संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। जडेरा मार्ग पर बिछाई गई केबल तार क्षतिग्रस्त होने से बीएसएनएल का टावर बंद पड़ा हुआ है। दूरसंचार निगम ने तार को क्षतिग्रस्त करने वाले ठेकेदार के खिलाफ पुलिस थाना चंबा में शिकायत दर्ज करवा दी है। बीएसएनएल की सेवाएं चरमराने से जडेरा, कैला व सिल्लाघ्राट पंचायत के लोग संपर्क करने में असमर्थ हैं। स्थानीय उपभोक्ताओं ने बताया कि बीते तीन दिन से क्षेत्र में बीएसएनएल की मोबाइल सेवाएं नहीं मिल रही हैं। बीते रविवार शाम से सिग्नल पूरी तरह गायब हो गया है। उपभोक्ताओं अमरनाथ शर्मा, राहुल शर्मा, अजीत कुमार, सुधीर कुमार, विशाल ठाकुर, देवेंद्र कुमार, अजय व मोनू ने बताया कि बीएसएनएल की सेवाएं चरमराने से काफी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों के अंतराल के बाद क्षेत्र में सिगनल गुल हो जाता है। इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। उपभोक्ताओं ने दूरसंचार निगम से जल्द दूरसंचार व्यवस्था ठीक करने की मांग की है। उधर, बीएसएनएल के एसडीओ फकीर चंद ने बताया कि जडेरा मार्ग पर बिछाई गई केबल एक ठेकेदार ने पाइप लाइन के कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त कर दी है। इससे मोबाइल टावर व एक्सचेंज बंद पड़ी हुई है। ठेकेदार के खिलाफ सदर थाना चंबा में एफआईआर करवा दी गई है।
और पढ़ें