चंबा। वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि जिले के विकास व कल्याण से जुड़ी महत्वपूर्ण बैठकों से अधिकारी बिना वजह गैरहाजिर रहेंगे तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके अलावा उनसे जवाब भी मांगा जाएगा। बुधवार को जिला योजना समिति की बैठक में विकास कार्यों की धीमी गति और भरमौर-पांगी में लंबे अरसे से बंद पड़े मनरेगा के कार्यों पर वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी जिला योजना समिति की बैठक में भड़क उठे और इसके लिए जिम्मेवार अधिकारियों को वनमंत्री ने खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने योजना समिति की बैठक में बताया कि कई कार्य ऐसे हैं, जिनका विभाग जवाब देना भी जरूरी नहीं समझते हैं और लंबे अरसे से कार्य लटके हुए हैं। साथ ही भरमौर व पांगी में मनरेगा के कार्य पर लंबे समय से ब्रेक लगी हुई है। इस पर वनमंत्री ने कड़ा संज्ञान लेते हुए समस्त विभागाध्यक्षों को विकास कार्यों में कोताही न बरतने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को मिलकर विकास कार्यों में तेजी लानी चाहिए। इससे जनता को लाभ मिलेगा। उन्होंने डीआरडीए से पांगी व भरमौर विकास खंडों के लिए मनरेगा के तहत पर्याप्त बजट जल्द मुहैया करवाने के अलावा मनरेगा के कार्यों को गति देने को कहा। बैठक में विधायक हंसराज, डीसी संदीप कदम, एसपी डीके चौधरी, नप अध्यक्ष अनीता ठाकुर, सुदेश ठाकुर व पवन मौजूद रहे।
इंसेट ...
नदारद रहे अधिकारियों से होगी जबावतलबी
जिला योजना समिति की बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों से वनमंत्री ने जवाब देने को कहा है। उन्होंने डलहौजी नाले में पुल को लेकर अधिशासी अभियंता डलहौजी को स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अनुपस्थित रहे लोनिवि के अधीक्षण अभियंता डलहौजी आरके सूद ने बताया कि उन्हें जिला योजना समिति की बैठक के संबंध में कोई सूचना नहीं मिली थी।
इंसेट ...
शिक्षा उपनिदेशक से मांगा जवाब
वनमंत्री ने शिक्षा उपनिदेशक को बीती बैठकों के नदारद रहने पर जवाब मांगा। इसके अलावा प्रारंभिक व उच्च शिक्षा उपनिदेशकों को पूरे जिले में शिक्षण संस्थानों के निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई किसी भी सूरत में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इससे पहले भी कई बार जिला स्तरीय बैठकों के दौरान उच्च शिक्षा उपनिदेशक को बैठक में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद वे बैठक से नदारद रहते हैं। इसके चलते वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने शिक्षा उपनिदेशक से बैठकों से गायब रहने पर जवाब मांगा।
इंसेट ..
बीडीओ नहीं उठाते विधायक का फोन
बैठक में उपस्थित भटियात के विधायक विक्रम जरयाल ने कहा कि बीडीओ चुवाड़ी उनका फोन तक नहीं उठाते हैं। इस पर वनमंत्री ने कहा कि समस्त अधिकारी जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों के साथ मिलकर कार्य करें।