चंबा। जिला चंबा को वर्ष 2015 तक पूरी तरह से स्वच्छ बनाया जाएगा। इसके लिए दो अक्तूबर से स्वच्छ भारत अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का नाम निर्मल भारत अभियान बदलकर स्वच्छ भारत अभियान रखा गया है। इसके लिए प्रशासन को लगभग 83 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हो गई है। इस राशि से जहां स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र व सार्वजनिक स्थल पर शौचालय का निर्माण किया जाएगा, वहीं बीपीएल व एपीएल परिवारों को भी शौचालय के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की जाएगी। यह बात उपायुक्त एम सुधा देवी ने बुधवार को पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि पूरे देश में पिछले करीब 15 सालों से संपूर्ण स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसमें जिला चंबा भी शामिल हैं। इस अवधि के दौरान अभी तक पूर्ण स्वच्छता के लक्ष्य को पूरा नहीं किया जा सका है। इसके चलते अब प्रशासन द्वारा मार्च, 2015 तक जिला चंबा की सभी 283 पंचायतों को स्वच्छ करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस दौरान जहां जिले में लगभग 15 हजार शौचालय बनाए जाएंगे, वहीं अकेले भटियात ब्लॉक में नौ हजार शौचालय बनाने का लक्ष्य है। इसके अलावा अन्य ब्लॉक में भी शौचालय का निर्माण किया जाना है।
और पढ़ें
प्राइमरी स्कूलों में बनेंगे अलग-अलग टायलेट
अब प्राइमरी स्कूलों में भी दो-दो टायलेट बनाए जाएंगे। छात्र व छात्राओं के लिए अलग-अलग टायलेट का निर्माण किया जाएगा। यही नहीं अगर विद्यार्थियों की संख्या ज्यादा है, तो उसके मुताबिक टायलेट बनाए जाएंगे। जब भी स्कूल की नई बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा, तो साथ ही टायलेट भी बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले के लगभग सभी सीसे स्कूलों में टायलेट बनाए जा चुके हैं।
91 पंचायतों क ो मिलेंगे स्वच्छता पुरस्कार
जिले की 283 में से 91 पंचायतें पूर्ण रूप से स्वच्छ हो गई है। प्रशासन द्वारा इन पंचातयों के नाम स्वच्छता पुरस्कार के लिए सरकार को भेजे गए हैं। जल्द इन पंचायतों को स्वच्छता पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।