चंबा। छतराड़ी मंदिर में चोरी के आरोप में गिरफ्तार रमेश कुमार का पुलिस रिमांड बढ़ गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी के कई राज उगले हैं। न सिर्फ चंबा बल्कि कांगड़ा एवं मंडी में हुई चोरियों की वारदात में भी आरोपी शामिल बताया जा रहा है। रिमांड के दौरान रमेश कुमार ने चोरी की इन वारदातों में गिरोह का हाथ होने की बात भी कबूल की है जिसके बाद पुलिस ने चुराह उपमंडल में दबिश दी थी लेकिन यहां आरोपी के साथी पुलिस पकड़ में नहीं आ सके हैं। अब पुलिस इस पूरी गैंग का पर्दाफाश करने के लिए जिला से बाहर दबिश दे सकती है और आगामी सात दिनों तक आरोपी से कड़ी पूछताछ की जाएगी।
गौरतलब है कि छतराड़ी मंदिर में रमेश कुमार ने चोरी की एक वारदात को अंजाम दिया था और जब वह भागने की फिराक में था तो धरवाला में एक दुकानदार ने उसे दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी के पेशेवर होने की पुष्टि हुई थी जिसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ शुरू की तो आरोपी ने कई राज खोल दिए। इसमें अलग-अलग जगहों पर चोरी की वारदात में शामिल होना भी शामिल है। आरोपी ने पुलिस के समक्ष कुछ चोरियों में साथियों के साथ शामिल होने की बात कबूल की है और अब पुलिस इन साथियों की तलाश कर रही है। इसके अलावा अब तक हुई चोरी की वारदातों में आरोपी ने गहने या अन्य कीमती सामान किसे बेचा इसकी छानबीन भी पुलिस कर रही है।
विज्ञापन
भरमौर थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ठाकुर ने इस मामले में बड़े खुलासे की उम्मीद जाहिर की है। उधर, डीएसपी वीर बहादुर का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इस संबंध में जिला से बाहर भी दबिश अभियान चलाया जा सकता है।