चंबा। राष्ट्रीय महत्व की 16 ऐतिहासिक धरोहर वाले जिला चंबा में मंदिरों की सुरक्षा पर हाई अलर्ट जारी हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने निचले स्तर पर थाना एवं चौकी प्रभारियों को मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं। इसके चलते अब मंदिरों एवं पुरातत्व महत्व के स्थानों पर चौबीस घंटे पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। रात को गश्त का प्रावधान भी अलग-अलग जगहों पर होगा।
पुलिस का गुप्तचर विभाग एवं मुखबिर भी इस काम में अहम भूमिका अदा करने वाले हैं। इन निर्देशों के तहत विशेषकर रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ-साथ, पुलिस को मंदिरों के कारदारों को विश्वास में लेकर सेंधमारी एवं चोरी की घटनाओं को रोकने की हिदायत दी गई है। वहीं मंदिर सुरक्षा के लिए तैनात चौकीदार भी अगर रात के समय सोते पाए गए तो उनसे जवाब तलबी की जाएगी।
गौर तलब है कि चंबा जिले में ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के कई ऐसे स्मारक और कलाकृतियां हैं जिन पर सेंधमारी के कई प्रयास किए जा चुके हैं। कुल्लू में हुई वारदात के बाद पुलिस ने खतरा महसूस होते ही सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया है। चंबा के छतराड़ी एवं भलेई मंदिर में सेंधमारी की घटनाएं हुई हैं। दोनों वारदातों में पुलिस ने शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इनसेट :
पुलिस कर्मियों को दिए सजग रहने के निर्देश : डीएसपी
जिला पुलिस उप अधीक्षक वीर बहादुर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जिले की सभी थाना एवं चौकियों के प्रभारियों को हाई कमान के यह निर्देश जारी करके रात्रि के समय गश्त बढ़ाने को कह दिया गया है। मंदिरों के बाहर भी सुरक्षा का पहरा बढ़ाया गया है।
इनसेट
चंबा में कहां-कहां हुईं चोरी की वारदातें
चंबा में अब तक ऐतिहासिक शक्तिपीठ या मंदिरों में चोरी की अलग-अलग वारदातें हो चुकी हैं। करीब छह माह पूर्व भलेई मंदिर में चोरों ने माता की मूर्ति चुरा ली थी। पुलिस ने पूरी गैंग को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि नवंबर माह में भरमौर के छतराड़ी माता मंदिर में सेंधमारी के आरोप में एक चोर पुलिस की पकड़ में आया है और उसकी निशानदेही पर लुधियाना, नूरपुर, सुंडला व दुनेरा में दबिश दी है।