संवाद न्यूज एजेंसी, पांवटा साहिब (सिरमौर)।
Published by: Krishan Singh
Updated Fri, 29 May 2026 05:15 PM IST
हिमाचल-हरियाणा सीमा पर जगाधरी-पांवटा नेशनल हाईवे 907 पर लालढांक के निकट दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब हरियाणा से दो बाइकों पर सवार लोग रेणुकाजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। शुक्रवार सुबह वे मक्की से भरे अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गए। हरियाणा पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है।
ढलान में मक्की से भरा ट्रक बेकाबू होकर पलटा
जानकारी के अनुसार दुर्घटना यमुनानगर जिले में हिमाचल बॉर्डर पर लालढांक के पास कलेसर नेशनल पार्क क्षेत्र में हुई। ट्रक पांवटा साहिब से मक्की लोड कर यमुनानगर की तरफ जा रहा था। दो बाइकों पर पांच लोग रेणुकाजी के दर्शन के लिए आ रहे थे। हिमाचल सीमा के समीप लालढांक के पास ढलान में मक्की से भरा ट्रक बेकाबू हो गया और सड़क पर पलट गया।
इक सवार पांचों लोग ट्रक के नीचे दब गए
ट्रक ने दोनों बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार पांचों लोग ट्रक के नीचे दब गए। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत व बचाव का कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में इन लोगों की गई जान
हादसे में हरियाणा के यमुनानगर के चुहड़पुर कलां के निवासी राजेंद्र धीमान (45), उनकी दो बेटियों सिमरन उर्फ सिम्मी (14) और मिनल उर्फ मिनी (12) तथा एक रिश्तेदार फूल सिंह की मौत हो गई। वहीं, राजेंद्र राणा की पत्नी उषा (40) घायल हैं। इस हादसे में राजेंद्र धीमान की पत्नी उषा घायल हैं। मौके पर हरियाणा से थाना प्रभारी रोहताश सिंह की टीम पहुंची। थाना प्रभारी प्रतापनगर हरियाणा रोहताश सिंह ने मामले की पुष्टि की है।