भुंतर। गड़सा घाटी में तेजरफ्तारी और लापरवाही से वाहन चलाने से एक जीप खाई में जा गिरी। लोगों और 108 की सहायता से जीप में सवार दो लोगों को निकालकर क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ भादंसं की धारा 279 और 337 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार भुंतर से गड़सा की ओर जा रही जीप अमर दुआर के समीप नीचे खाई में जा गिरी। एएसपी संदीप धवल ने बताया कि जीप में सवार चालक और एक अन्य की पहचान प्यारे लाल और पूर्ण राम के रूप में हुई है। दोनों घायलों की हालत स्थिर है। मामले की तफ्तीश का जिम्मा हेडकांस्टेबल उत्तम चंद को सौंपा है।