कुल्लू। देश की मंडियों में कश्मीरी सेब की आमद से कुल्लू के बागवान मायूस हैं। जिला की मंडियों में इन दिनों सेब के दाम करीब 15 रुपये प्रतिकिलो गिर चुके हैं। दो चार दिन पहले सेब करीब 55 रुपये किलो बिक रहा था वहीं अब जिला की मंडियों में सेब के दाम 40 रुपये किलो बिक रहा है।
जानकारों के अनुसार देश की मंडियों में कश्मीरी सेब की आमद से दाम गिरे गए हैं। दूसरी ओर बारिश के कारण सेब के काले पड़ने से भी अच्छे दाम नहीं मिल रहे। बंदरोल सब्जी मंडी के व्यापारी चमन लाल, महंत, मोहन गोपाल, गोपी चंद और विजय कुमार ने कहा कि घाटी के अधिकतर इलाकों में सेब का सीजन खत्म होने की कगार पर है। उन्होंने बताया कि घाटी के ऊंचे क्षेत्रों पर अच्छी कि स्म का सेब खत्म हो गया है। हिमाचली सेब के साथ अब कश्मीर का सेब भी बाहरी राज्यों में आना शुरू हो गया है। इससे हिमाचली सेब 40 रुपये प्रति किलो तक बिकना शुरू हो गया है। बंदरोल सब्जी मंडी के व्यापारियों ने बताया कि एक सप्ताह पहले की अपेक्षा 100 प्रतिशत से 50 प्रतिशत तक सेब सीजन में कमी आई है। घाटी के बागवान हीरा लाल, किशोरी दास, मेहर चंद, राम दास, राजू, महंत, रमेश नेगी और किरण ठाकुर ने कहा कि सीजन के शुरुआत में उन्हें सेब के अच्छे दाम मिले। लेकिन अब कश्मीरी सेब के आने से दाम गिर गए हैं। आढ़ती एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष कुशाल सिंह ने बताया कि सेब की क्वालिटी गिरने और बाजार में कश्मीर सेब के आने से सेब के दाम गिरे हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले बागवानों को सेब के अच्छे दाम मिलते रहे हैं।