काईस (कुल्लू)। कुल्लू जिला में एपीएल उपभोक्ताओं के नए राशनकार्ड बनाए जाएंगे। इसके लिए बाकायदा जिला की पंचायतों, नगर पंचायतों और नगर परिषद को कार्ड भी भेज दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार कुल्लू जिला की 204 पंचायतों, नगर पंचायतों और नगर परिषदों में करीब 77 हजार एपीएल राशन कार्ड बनाए जाएंगे। इसके अलावा जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने सभी स्थानीय निकायों को कार्ड भेज दिए हैं। विभाग ने सभी पंचायतों को उपभोक्ताओं के नए राशन कार्ड बनाने के आदेश दिए हैं। विभाग के अनुसार राशन कार्ड बनाने के लिए एक परिवार से पांच रुपये शुल्क भी लिया जाएगा।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र धीमान ने बताया कि जिला की 204 पंचायतों में राशन कार्ड बनाए जाएंगे। बताया कि जिले में 77 हजार एपीएल उपभोक्ताओं के नए राशन कार्ड बनेंगे। जिन कार्ड धारकों के राशनकार्ड की वैद्यता खत्म हो गई है, उन परिवारों के कार्ड अब नए बनेंगे। इसके लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने पंचायतों नगर पंचायतों तथा नगर परिषद को राशन कार्ड जारी कर दिए है। बताया कि यह राशन कार्ड केवल एपीएल परिवारों के बनाए जा रहे हैं। इसमें बीपीएल परिवारों को शामिल नहीं किया है। कहा कि सभी पंचायतों को शीघ्र राशन कार्ड बनाने के लिए कहा है। कुछ पंचायतों ने तो काम शुरू भी कर दिया है। राशनकार्ड बनवाने के लिए पुराना कार्ड जमा करना होगा तथा मौके पर ही एक फार्म भरवाया जाएगा।