पतलीकूहल (कुल्लू)। धरोहर गांव नग्गर से सटे घने जंगलों पर वन माफिया की बुरी नजर पड़ चुकी है। लिहाजा खाली हो रहे जंगलों के बचाव को स्थानीय लोग खुद सामने आए हैं। इसके लिए बाकायदा एक कमेटी का गठन किया है। वन विकास के नाम से गठित इस कमेटी का अध्यक्ष देवकू देवी को बनाया है। मंगलवार को अरछंडी की पंचायत प्रधान अरुणा ठाकुर की अध्यक्षता में बुलाई गई बैठक में कमेटी का गठन किया गया।
खास बात यह है कि बैठक में वन विभाग के रेंज आफिसर धर्मचंद, बीओ नग्गर रूपलाल और जाणा के बीट गार्ड राजेंद्र भी मौजूद रहे। कमेटी में निर्मला को उपप्रधान, रंजना देवी सचिव, सुदर्शना देवी सहसचिव, फागली देवी कोषाध्यक्ष, सीतादेवी को लेखाकार नियुक्त किया है।
बैठक में भगतराम, पविंद्र, और अनंत राम समेत कई लोग मौजूद रहे। कमेटी की नवनियुक्त प्रधान ने कहा कि कमेटी वन काटुओं पर पैनी नजर रखेगी। इतना ही नहीं लकड़ी तस्करों को रंगे हाथ पकड़वाने के लिए वन विभाग के मुलाजिमों का सहयोग भी लिया जाएगा। रेंज आफिसर धर्मचंद ने भी वनकटान रोकने को कमेटी की पूरी मदद का भरोसा दिलाया है। कहा कि वन कटान को स्थानीय लोगों की सहायता के बिना रोकना ज्यादा आसान नहीं।