कुल्लू। आप चाहते हैं कि आपका मुन्ना भी होशियार और तंदरुस्त रहे तो उसे मां का दूध अवश्य पिलाएं। यही नहीं स्तनपान से महिलाओं में स्तन और गर्भाश्य कैंसर की संभावना भी कम रहती है। मां का दूध पिलाने से बच्चे को दस्त और श्वास रोग भी नहीं लगते। यह कहना है जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. सुशील चंद्र शर्मा का। वे वीरवार को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में स्तनपान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर मां के दूध में पाए जाने वाले पौष्टिक गुणों की जानकारी भी दी।
डा. शर्मा ने बताया कि स्तनपान करवाने से मां को स्तन और गर्भाश्य के कैंसर का खतरा नहीं रहता। इसके अलावा स्तनपान करवाने से शिशु को दस्त और श्वास रोग भी नहीं लगते। शिशुओं में रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है। कार्यक्रम में जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी जेआर ठाकुर ने बताया कि पहला पीला गाढ़ा दूध पिलाने से शिशु बुद्धिमान और बलवान बनता है।
उन्होंने बताया कि छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध ही पिलाना चाहिए। मां के दूध में सभी पौष्टिक तत्व मौजूद होते हैं। उन्होंने बताया कि पूरक आहार शुरू करने पर बोतल से दूध न पिलाएं, बल्कि चम्मच और कटोरी का इस्तेमाल करें। शिविर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला मंडल सदस्यों और प्रशिक्षुओं नर्सों ने भाग लिया। शिविर में होशियार सिंह, कृष्ण पाल, शांति शीला और वीना सुमन सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।
भाषण स्पर्धा में राज कुमारी प्रथम
कुल्लू। कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. सुशील चंद्र शर्मा ने बताया कि इस मौके पर भाषण स्पर्धा का आयोजन भी किया गया। इसमें राजकुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा मीनाक्षी द्वितीय और रोमिता तृतीय स्थान पर रहीं।