कुल्लू। परिवहन मंत्री के पुतले जलाने को लेकर कुल्लू के सरवरी में घंटों जद्दोजहद होती रही। पुतला जलाने को लेकर करीब 11 से लेकर दो बजे तक ड्रामा चलता रहा। निजी बस आपरेटर यूनियन के सदस्य सोमवार को कुल्लू बस अड्डे में परिवहन मंत्री का पुतला जलाने की योजना बना रहे थे। इस बीच पुलिस के एक दल ने वहां पहुंचकर पुतले को कब्जे में ले लिया। पुतला जब्त करने पर बस आपरेटरों ने विरोध किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके कुछ देर बाद बस ऑपरेटर एक और पुतला ले आए। लेकिन इसे भी पुलिस दल ने छीनकर अपने कब्जे में ले लिया। परिवहन मंत्री का पुतला जलाने को लेकर बस ऑपरेटरों और पुलिस के बीच बहसबाजी भी हुई। कुछ देर बाद बस आपरेटर कहीं से तीसरा पुतला ले आए और इस जलाने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने उसे भी अपने कब्जे में ले लिया। इसी तरह दो बज गए। इसके बाद बस ऑपरेटरों ने रणनीति के तहत काम किया। कुछ आपरेटर नारेबाजी करते रहे और कुछ आपरेटरों ने बस अड्डे के दूसरे छोर पर एक पुलता निकाला और उसे तुरंत आग लगा दी। हालांकि पुतला अभी आधा ही जला था कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उस पर डाला दिया। इसके पुलिस ने अधजले पुतले को अपने कब्जे में ले लिया।