कुल्लू। जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के सौजन्य से दो दिवसीय महिला खेल उत्सव में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर खूब इनाम जीते। बुधवार को प्रतियोगिता के समापन समारोह में एसडीएम डा. सुरेश जसवाल ने शिरकत कर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, वालीबाल, हैंडबाल, बास्केटबाल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन और टेबल-टेनिस मुकाबले खेले गए। इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले की 204 महिला प्रतिभागियों ने भाग लिया। खेल अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि कबड्डी में कुल्लू ए की टीम विजेता रही। नग्गर खंड उपविजेता रहीं।
वॉलीबाल प्रतिस्पर्धा में नग्गर खंड टीम प्रथम और कुल्लू ए दूसरे स्थान पर रहीं। हैंडबॉल में कुल्लू बी प्रथम और कुल्लू ए टीम दूसरे स्थान पर रहीं। बास्केटबाल में कुल्लू बी प्रथम और बंजार दूसरे स्थान पर रहा। खो-खो प्रतिस्पर्धा में कुल्लू बी ने प्रथम स्थान हासिल किया और कुल्लू ए ने दूसरे स्थान पाया। 100-200 मीटर रेस में कुल्लू खंड की रक्षा ने प्रथम स्थान झटका। 400 मीटर रेस में कुल्लू खंड की अदिति प्रथम और नग्गर खंड की संगीता दूसरे स्थान पर रहीं। 800 मीटर दौड़ में कुल्लू खंड की सुल्ताना प्रथम और आनी खंड की नेहरा दूसरे स्थान पर रहीं। 1500 मीटर रेस में कुल्लू खंड की सुल्ताना प्रथम और नग्गर खंड की पूजा ठाकुर दूसरे स्थान पर रहीं। 3000 मीटर रेस में आनी खंड की कल्पना ने पहला और कुल्लू खंड की शिवानी ने दूसरा स्थान पाया।