कुल्लू। शहर के साथ सटे रामशिला के समीप एक मोटरसाइकिल सवार की चट्टान से टकराने से दर्दनाक मौत हो गई। इस सड़क हादसे में मारे गए युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने भादंसं की धारा 279,337 और 304 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि 108 एंबुलेंस ने रामशिला से एक गंभीर रूप से घायल युवक को भर्ती किया है। सूचना मिलते ही पुलिस का दल एसआई शेर सिंह ने नेतृत्व में मौके पर पहुंचा। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया कि मोटरसाइकिल सवार के लापरवाही से वाहन चलाने से हादसा पेश आया है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि हादसे में घायल युवक की मौत हो गई है। हादसे में मारे गए युवक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। मृतक की आयु 20 से 25 बर्ष के बीच है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में फिलहाल यह हादसा लग रहा है। युवक की मौत सिर में चोट लगने के कारण हुई है, लेकिन पुलिस घटनास्थल पर सभी पहलुओं को सामने रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शिनाख्त के लिए शव गृह में रखा है। मामले की छानबीन एसआई शेर सिंह कर रहे हैं।