बिजली की कम वोल्टेज बनी आफत
काईस (कुल्लू)। कराडसू पंचायत के लोग बिजली की कम वोल्टेज की समस्या से परेशानी झेल रहे हैं। लोगों के अनुसार पंचायत के तहत तांदला, चंदला, शियापाणी, ठेलूराशरण आदि गांवों में कम वोल्टेज की समस्या करीब दो साल से बरकरार है। लोगों में इस बात को लेकर खासा रोष है कि इस संबंध में कई बार बोर्ड के अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया जा चुका है, बावजूद इसके अभी तक समस्या हल नहीं हुई है। अब ग्रामीणों ने बोर्ड के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाने को विवश होंगे।
वार्ड पंच मोहर सिंह, नोख राम, जीत राम, भोला राम, लाभ सिंह, देवराज, हेमराज, चमन लाल और बुद्धि सिंह ने कहा कि कम वोल्टेज के कारण आए दिन परेशानी झेलनी पड़ रही है। रात के समय बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। बच्चे कम रोशनी होने के कारण पढ़ाई नहीं कर पाते हैं। कम वोल्टेज के कारण विद्युत से चलने वाले उपकरण भी ठप हो गए हैं। ऐसे में ठंड के मौसम में काफी समस्या बढ़ जाती है उन्होंने बिजली बोर्ड के अधिकारियों से जल्द से जल्द समस्या का हल करने की मांग की है। इस संबंध में विद्युत बोर्ड के अधीक्षण अभियंता प्रवेश ठाकुर के अनुसार बिजली लाइन को चेक किया जाएगा और व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।