कुल्लू। हिमाचल में पहली बार आठ सीटों का चार्टर्ड विमान उड़ान भरेगा। समर सीजन के ऐन मौके पर भुंतर एयरपोर्ट पर एक अप्रैल से हवाई सेवा शुरू होगी। आठ सीटर डेक्कन चार्टर्ड विमान भुंतर-चंडीगढ़ के बीच उड़ान भरेगा। हिमालयन बुल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की ओर से शुरू की जा रही इस सेवा से कुल्लू-मनाली के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। कंपनी का डेक्कर चार्टर्ड कंपनी से छह माह का करार हुआ है। उड़ानों को लेकर भुंतर एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक वाईके शर्मा को पत्र मिल गया है। इसमें एक अप्रैल से हवाई सेवा शुरू होने की बात कही है। समर सीजन को देखते हुए विमान दिन में तीन से छह उड़ानें भरेगा। हिमालयन बुल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी मनाली के निदेशक बुद्धि प्रकाश ठाकुर ने कहा कि करार के तहत प्रथम चरण में भुंतर-चंडीगढ़ के बीच डेक्कन चार्टर्ड अगले छह माह तक सेवा देगा। कुल्लू-मनाली में पर्यटन को बढ़ावा देने के मकसद से डेक्कन चार्टर्ड कंपनी से करार किया है।
7999 रुपये होगा किराया
भुंतर-चंडीगढ़ के बीच होने वाली इस निजी डेक्कन चार्टर्ड विमान सेवा का प्रति सवारी किराया 7999 रुपये प्लस टैक्स रहेगा। कंपनी के निदेशक पंकज बख्शी ने कहा कि घाटी के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कंपनी ने यह कदम उठाया है।
अधिकतम छह उड़ानें भरेगा विमान
डेक्कन चार्टर्ड विमान एक अप्रैल से दिन में रूटीन की तीन उड़ानें भरेगा, जबकि समर सीजन तथा मांग के अनुसार विमान दिन में अधिक छह उड़ानें भी भर सकता है।