ऋषि वशिष्ठ की पूजा से शुरू हुआ वशिष्ठ मेला
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन एवं धार्मिक स्थल वशिष्ठ में ऋषि वशिष्ठ की पूजा-अर्चना से बैसाख मेला आरंभ हो गया। दो दिवसीय मेले के आरंभ होते ही धार्मिक नगरी देव वाद्य यंत्रों से गूंज उठी। बैसाखी संक्रांति में देवताओं के मिलन व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर आरंभ हो गया है। मेला कमेटी के अनुसार आराध्य देवी माता हिडिंबा, कुलंग से पराशर ऋषि, गोशाल से कंचन नाग-ब्यास ऋषि व गौतम ऋषि, कटराईं से बीरनाथ, सिमसा से कार्तिक स्वामी भी मेले की शोभा बढ़ाने के लिए पहुंचे हैं। वशिष्ठ पंचायत के समस्त गांवों में मेलों की धूम रहेगी। वशिष्ठ पंचायत के पूर्व उप प्रधान चमन लाल ने बताया कि खेलों के अलावा देव मिलन आकर्षण का केंद्र रहेगा। मेले में विभिन्न खेलों का आयोजन कर लोगों का मनोरंजन किया जा रहा है। मेले में वालीबाल के मुकाबले में होंगे जिसमें भाग लेने के लिए घाटी की दर्जन से अधिक टीमें पहुंच गई हैं।