मंडी। सराज विधानसभा क्षेत्र के तहत जैसला-भाटकीधार-नालथाच उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण 2 करोड़ से होगा। जबकि इस पेयजल योजना को इस वर्ष विधायक प्राथमिकता में रखा गया है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री जयराम ठाकुर ने विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज ग्राम पंचायत जैसला के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इसके उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के सभी 3243 ग्राम पंचायतों के भवनों का निर्माण चरणबद्ध ढंग से कर रही है। वहीं सराज में सड़कों के विकास पर वर्तमान समय में 600 किलोमीटर सड़कों के माध्यम से लोगों सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। धवास-सरावग सड़क का प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति को भेजा गया है। क्षेत्र में वोल्टेज समस्या को दूर करने के लिए दयोल एवं शोवली में 20 लाख से दो नए ट्रांफार्मर स्थापित किए जा रहे हैं। जैसला में जमीन की उलपब्धता होने पर पशु औषधालय खोल दिया जाएगा। मिडिल स्कूल हलीण को स्तरोन्नत तथा शोवली में प्राथमिक पाठशाला खोलने के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने पंचायत भवन जैसला के अतिरिक्त निर्माण के लिए 3 लाख, जैसला के अतिरिक्त निर्माण के लिए 3 लाख, दुर्गाधार से जैसला तक सड़क निर्माण को 3 लाख तथा भेचड़ी में सामुदायिक भवन के लिए एक लाख देने की भी अनुशंसा की। ग्राम पंचायत जैसला की प्रधान कृष्णा शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। पंचायत के विकास कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर मंडल महामंत्री गुलजारी लाल, जिला परिषद सदस्य पीतांबर, अधिशासी अभियंता विद्युत बील़ शर्मा, खंड विकास अधिकारी सराज हरी चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।