मंडी। मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के मंडी दौरे को लेकर उम्मीदें परवान चढ़ने लगी हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री जिले के बल्ह और नाचन विस क्षेत्रों के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान रिवालसर में सीवरेज योजना का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि मुख्यमंत्री रिवालसर में सरकारी कालेज की मांग को पूरा करने का स्थानीय लोगों को आश्वासन दे सकते हैं। वहीं, लेदा में पीएचसी की बहुप्रतीक्षित मांग को भी पूरा करेंगे। इधर, रिवालसर में कालेज की मांग को लेकर किसान सभा की ओर से पिछले चार माह से आंदोलन तेज कर रखा है। इसके लिए बीस हजार लोगों के हस्ताक्षर के अलावा रैलियाें और क्रमिक अनशन के माध्यम से भी कालेज की मांग को जोर शोर से उठाया जा रहा है। वहीं, वीरवार से किसान सभा ने कालेज अधिकार यात्रा भी शुरू कर दी है। हालांकि, कालेज की मांग को लेकर जारी इस आंदोलन को भाजपा चुनावी स्टंट बता रही है। वहीं, यह उम्मीद जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री सभी अटकलों को विराम देते हुए रिवालसर में कालेज की घोषणा कर सकते हैं। इसके अलावा बल्ह में आईटीआई और तहसील की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। बल्ह एकमात्र विस क्षेत्र है जहां न तो तहसील है और न ही कालेज है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री अपने एक दिवसीय मंडी दौरे के दौरान रिवालसर, स्यांज और ढाबण/सलवाहण में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वहीं, नांडी और स्यांज में दो पुलों का शिलान्यास तथा ढाबण में आईपीएच के द्वितीय फेज ट्यूबवेल का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के इस एक दिवसीय दौरे को लेकर मंडी वासियों की उम्मीदें परवान चढ़ने लगी हैं। चुनावी वर्ष में मुख्यमंत्री बल्ह और नाचन विधान सभा क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कर सकते हैं।