धर्मपुर (मंडी)। परिवहन मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि धर्मपुर निर्वाचन क्षेत्र के तहत टिहरा-कोट-बकर खड्ड चार किलोमीटर लंबी बस योग्य सड़क को पक्का करने पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत एक करोड़ 90 लाख रुपये खर्च होंगे। मंगलवार को कोट पंचायत के गांव बडोह में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र में सड़कों का घनत्व प्रदेश में सबसे सर्वाधिक है, जबकि क्षेत्र में 54 नए पुलों का निर्माण भी होगा। उन्होंने बडोह से गैहरा सड़क के निर्माण कार्य में सहयोग करने की लोगों से अपील की। गांव कोट में महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि अवाहदेवी-गददीधार-संधोल सड़क को चौड़ा करने पर सीआरएफ के तहत 46 करोड़ 24 लाख रुपये खर्च होंगे। गद्दीधार क्षेत्र में उहलू का फेर-कमलाह उठाऊ पेयजल योजना से पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। महेंद्र सिंह ने कोट महिला मंडल भवन के निर्माण के लिए 75 हजार रुपये स्वीकृत किए। बडोह गांव में पेयजल टैंक के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने गांव संदेहडा, बांदल, चांदपुर तथा डगवाणी में भी जनसभाओं को संबोधित किया। इस अवसर पर जिला परिषद की सदस्य वंदना गुलेरिया, भाजपा मंडलाध्यक्ष भगत राम सहित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।