धर्मपुर (मंडी)। क्षेत्र में दिन प्रतिदिन बढ़ रही चोरी की वारदातों से क्षेत्र वासियों में दहशत का माहौल है। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में चोराें ने आतंक मचाया हुआ है और वे अभी तक पुलिस की पहुंच से दूर हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात को चोरों ने अलग-अलग जगहों पर घरों के बाहर खड़े किए गए दो वाहनों के टायर चुरा लिए। सुबह होने पर वाहन मालिकों ने अपने वाहनों को जैक पर बिना टायर खड़े देखा तो उनके होश उड़ गए। इसकी रिपोर्ट उन्होंने पुलिस चौकी धर्मपुर में दर्ज करवाई। रियूर निवासी राजकुमार और बरोटी निवासी रविंद्र राणा ने पुलिस में दर्ज करवाई प्राथमिकी में बताया कि उनके वाहन आल्टो नंबर एचपी-28 बी 1358 और एचपी 12 ई 5076 जो उनकेघरों के पास में ही रविवार रात खड़े किए गए थे। चोरों ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए दोनों वाहनों के टायर चुरा लिए। इस घटना से क्षेत्रवासियों में हड़कंप मच गया है। क्षेत्रवासियों में बलवीर सिंह, रूप चंद, विनोद कुमार व बिहारी लाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि इससे पूर्व भी चोरों ने क्षेत्र से एक ही रात में सात घरों के ताले तोड़ कर लाखों की नकदी और गहने चुराए थे। उनका आज तक सुराग नहीं लग पाया है। उक्त लोगाें ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि क्षेत्र में दिन-प्रतिदिन बढ़ रही चोरी की घटनाआें पर अंकुश लगाया जाए। इधर, डीएसपी सरकाघाट केडी शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की धरपकड़ के लिए जाल बिछा दिया है। शीघ्र ही उन पर नकेल डाली जाएगी।