मंडी। मंडी बस अड्डे का आनन-फानन में किया उद्घाटन दिन-प्रतिदिन विवादों के घेरे में है। बीती आधी रात तक यात्रियों ने वोल्वो के टिकट खरीद कर बस का इंतजार किया, मगर जब आधी रात के बाद भी बस नहीं आई तो यात्री दिल्ली के बजाय अपने घर बैरंग वापस लौट गए। बुधवार सात बजे मनाली दिल्ली वोल्वो बस के लिए एक दर्जन सवारियों ने टिकट की एडवांस बुकिंग करवाई थी। सवारियां सात बजे से पहले ही बस अड्डे में पहुंच चुकी थीं, मगर करीब आधी रात तक बस अड्डे में प्रवेश नहीं कर पाई, जिससे सवारियां बैरंग घर वापस लौट गईं। वहीं दूसरी ओर निगम ने कोई पूर्व सूचना नहीं दी। इसके बाद आधी रात तक बस न आने की सूचना दी गई। हालांकि बुधवार शाम तीन बजे तक टिकट की एडवांस बुकिंग निगम की ओर से की गई। ऐसे में यात्रियों में निगम के रवैये के प्रति रोष है। हालांकि निगम की ओर से सवारियों को केवल इतनी जानकारी अवश्य प्रदान की गई कि बस अड्डे में प्रवेश नहीं करेगी। सवारियां बाहर से ही बस लें। सवारियों के पूछने बाहर कहां से बस मिलेगी। इसका निगम के पास कोई जवाब नहीं था। यात्रियों ने अड्डे के प्रवेश द्वार पर ही बस का आधी रात तक इंतजार किया। वहीं आधी रात तक बस न आने पर यात्रियों ने फोन कर पूछताछ की तो कहा गया कि वोल्वो नहीं आएगी। एक वोल्वो खराब है, दूसरी का एक्सीडेंट हुआ है। तीसरी दिल्ली से रूटीन में मंडी की ओर आ रही है। उधर, 1768 रुपये के दो टिकट लेकर बस का इंतजार कर रही रीनू शर्मा एवं उमा भारती एवं एक दर्जन सवारियों ने बताया कि निगम ने उन्हें बस खराब होने की जानकारी नहीं दी। उनका दिल्ली जाना बहुत जरूरी था। वहीं सवारियों ने इस मामले को उपभोक्ता फोरम में ले जाने की चेतावनी दी है।
अड्डे में वोल्वो के प्रवेश के लिए द्वार छोटे
मंडी। लंबे समय से विवादों के बाद बने मंडी बस अड्डे में अभी खामियों के आरोप लग रहे हैं। अड्डे में वोल्वो बस तक का प्रवेश नहीं हो सकता, जिससे आनन-फानन में किए करोड़ों के उद्घाटन पर सवाल उठने लगे हैं। वोल्वो का अड्डे में प्रवेश करते ही निचला हिस्सा रगड़ने लगता है। ऐसे में वोल्वो का बस अड्डे में प्रवेश नहीं हो सकता। उधर, परिवहन मंत्री महेंद्र सिंह ने इस पर अपनी अनभिज्ञता जाहिर की कि महंगा सफर करने वाली सवारियां अड्डे के बजाय सड़क में वोल्वो का इंतजार करते हैं। उन्होंने कार्रवाई करने की बात भी कही।
मनाली-दिल्ली रूट पर चलती है खटारा बस
मंडी। मनाली दिल्ली रूट पर खटारा वोल्वो ही चल रही है, जो आए दिन खराब रहती है। निगम के पास दूसरा विकल्प नहीं है, जबकि मनाली से दिल्ली के लिए पर्यटन विभाग एवं अन्य निजी वोल्वो बसें सेवाएं दे रही हैं। लोगों की मांग है कि वोल्वो एवं टाटा एसी बसें भी बस स्टैंड पर जानी चाहिए। लोगों ने टिकट पर शिकायत निवारण के लिए दूरभाष नंबर भी अंकित करने की मांग की है।