एप डाउनलोड करें
विज्ञापन

दो भाजपा मंडल अध्यक्ष करेंगे बगावत!

Mandi Updated Mon, 01 Oct 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

मंडी। टिकट आवंटन का मुद्दा अब भाजपा के गले की फांस बनता जा रहा है। जिले की तीन सीटों पर टिकट आवंटन से भाजपा में बगावत की चिंगारी भड़क उठी है। खासकर सदर और द्रंग में भाजपा मंडलाध्यक्ष पार्टी के उम्मीदवारों के खिलाफ चुनावी मैदान में ताल ठोंकने वाले हैं। वहीं बल्ह में भी इंद्र सिंह गांधी के विरोधी महंतराम के पक्ष में लामबंद होने लगे हैं। अभी सुंदरनगर, करसोग ,नाचन और गोपालपुर की स्थिति भी स्पष्ट नहीं है। यहां पर भी पुराने चेहरों को बदल कर नए चेहरों को आगे लाने की कवायद की जा रही है। इधर, नाचन भाजपा ने स्थानीय विधायक और जिला भाजपा अध्यक्ष दिले राम पर विश्वास जताते हुए नए चेहरों को टिकट देने का विरोध किया है। वहीं सदर भाजपा मंडलाध्यक्ष श्याम लाल भी डीडी ठाकुर को टिकट दिए जाने से खफा हैं। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ बैठकों का दौर शुरू कर आगामी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। ऐसा माना जा रहा है कि श्याम लाल ठाकुर बगावत कर पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ सकते हैं। श्याम लाल वर्तमान में तल्याहड़ वार्ड से जिला परिषद सदस्य भी हैं। इस नाते उन्होंने अपने क्षेत्र में चुनाव लड़ने की रणनीति पर पहले से ही काम शुरू कर दिया था। उनके समर्थक उन्हें किसी भी सूरत में पीछे न हटने का दबाव बना रहे हैं। बीडीसी सदस्य दीवान ठाकुर का कहना है कि कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी। वहीं द्रंग भाजपा के मंडलाध्यक्ष लाल चंद भी जवाहर ठाकुर को टिकट मिलने से खफा हैं। उनका कहना है कि जवाहर ठाकुर दो बार चुनाव हार चुके हैं। उनकी जगह किसी और को टिकट दिया जाना चाहिए था। उनका कहना है कि वह स्वयं या उनका कोई आदमी जवाहर के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरेगा। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या मंडी में सदर और द्रंग भाजपा मंडलाध्यक्ष बगावत कर पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ चुनावी अखाड़े में उतरेंगे। दोनों ही प्रत्याशियों को मूल भाजपा का नहीं माना जा रहा है। डीडी ठाकुर जहां कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए हैं तो जवाहर ठाकुर भी वाया हिविकां और लोजपा होते हुए भाजपा में शामिल हुए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें