गोहर (मंडी)। जंजैहली घाटी में आदमखोर तेंदुए के आतंक से लोग अभी तक दहशत में जी रहे हैं। हालांकि, वन विभाग के टीम और सोलन से आए शूटरों ने आदमखोर तेंदुए की लोकेशन ढूंढ ली है। सराज के विधायक जयराम ठाकुर ने मंगलवार को सराज पहुंचकर आदमखोर तेंदुए को पकड़ने के लिए पहुंची वन और वाइल्ड लाइफ विभाग की टीम समेत शूटरों के साथ काफी देर तक मामले को लेकर चर्चा की।
विधायक जयराम ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में लोगों में तेंदुए की दहशत जायज है, मगर तेंदुए को पकड़ने के लिए आई टीम भी सही तरीके के साथ अपना काम कर रही है। अब तक जितने भी लोगों पर तेंदुए ने हमले किए हैं, उन सभी मामलों की वाइल्ड लाइफ विभाग के विशेषज्ञों ने स्टडी करके मामले को गंभीरता से लिया है तथा टीम तेंदुए के मामले में काफी नजदीक पहुंच गई है। जयराम ने बताया कि जो टीम सराज क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने आई है, वह इंटरनेशनल शूटर हैं तथा इन शूटरों ने तेंदुए की लोकेशन को माप लिया है। ठाकुर ने बताया कि तेंदुए द्वारा मारी गई महिलाओं और अन्य जानवरों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट की भी विशेषज्ञों ने गहनता से स्टडी की है। जिससे इस तेंदुए की आदमखोर होने की पुष्टि हो गई है। उन्होंने लोगों से संयम रखने की अपील की है। उधर, डीएफओ पीडी डोगरा ने आगामी दो तीन दिन में समस्या का समाधान होने का दावा किया है। डीएफओ ने बताया कि तेंदुए की लोकेशन का पता चल गया है तथा उसको पकड़ने के लिए जाल बिछा दिया गया है। मंगलवार को रात के समय तीन अलग-अलग स्थानों पर शूटरों को बिठाया जा रहा है। जिनको मंगलवार रात कामयाबी मिलने की पूरी संभावना है। डीएफओ ने बताया कि आदमखोर तेंदुए के टाइम टेबल की स्टडी हो गई है। जिसके अनुसार अब विभागीय टीम उसका पता लगा रही है। बहरहाल घाटी के लोगों में आदमखोर तेंदुए की दहशत बुरी तरह से हावी हो गई है। लोग घटना के दो सप्ताह बाद भी सहमे हुए हैं।