मंडी। जिला उपभोक्ता फोरम कुल्लू ने उपभोक्ताओं के पक्ष में फ्रूट एजेंट को सेब के विक्रय की बकाया 6,20,059 रुपये की राशि ब्याज सहित अदा करने के आदेश दिए। इसके अलावा उपभोक्ताओं को हुई मानसिक यंत्रणा के बदले 10 हजार रुपये हर्जाना और 5000 रुपये शिकायत व्यय भी अदा करने का फैसला सुनाया।
जिला उपभोक्ता फोरम कुल्लू के अध्यक्ष जेएन यादव और सदस्यों सत्यभामा एवं केपी सहगल ने मनाली सर्किट बैंच के दौरान सुनाए फैसले में मनाली तहसील के बडाग्रां निवासी रामी देवी, हेम राज, दिनेश कुमार, सुभाष और तेज सिंह की शिकायत को उचित मानते हुए आगरा स्थित लोचन सिंह एंड कंपनी फ्रूट कमीशन एजेंट को उपभोक्ताओं की उक्त राशि 9 प्रतिशत ब्याज दर सहित अदा करने के आदेश दिए। अधिवक्ता हरीश ठाकुर के माध्यम से फोरम में दायर शिकायत के अनुसार मनी राम नेगी ने उक्त एजेंट को कमीशन के हिसाब से सेब बिक्री के लिए भेजे थे। जो सारा खर्चा काटकर 10,20,059 रुपये के बिके थे। उक्त एजेंट ने उन्हें चार लाख रुपये की राशि अदा कर दी थी। लेकिन, बकाया राशि अदा न करने पर उपभोक्ताओं ने फोरम में शिकायत दर्ज करवाई थी। मनी राम नेगी का देहांत हो जाने के कारण उनके उत्तराधिकारियों के माध्यम से फोरम में इस मामले की पैरवी की गई थी। फोरम ने अपने फैसले में कहा कि एजेंट की ओर से फोरम में ऐसे कोई भी बैंक रिकार्ड या रसीदें पेश नहीं की गईं, जिससे यह जाहिर होता हो कि उपभोक्ताओं की बकाया राशि का भुगतान कर दिया गया हो। ऐसे में फोरम ने माना कि उपभोक्ताओं की बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया है। जिसके चलते फोरम ने बकाया राशि की अदायगी न करने को एजेंट की सेवाओं में कमी करार देते हुए उक्त राशि का भुगतान ब्याज सहित करने के आदेश दिये। इसके अलावा एजेंट की सेवाओं में कमी के कारण उपभोक्ताओं को हुई मानसिक यंत्रणा की एवज में हर्जाना और शिकायत व्यय भी अदा करने का फैसला सुनाया।