रिवालसर (मंडी)। रिवालसर बाजार में बाइक पर सवार होकर नियमाें की सरेआम धज्जियां उड़ाना तथा हुड़दंग मचाना बाइक सवार युवकों को महंगा पड़ा। पुलिस ने नशे में हुड़दंग मचाने पर चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। चारों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया गया है। इनमें अजय कुमार एवं अशोक कुमार निवासी तल्याहड़, हरीश कुमार टारना मंडी तथा रणजीत निवासी गोखड़ा के नाम शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चाराें लड़के एक ही बाइक पर सवार थे। जिन्होंने दुर्गापुर से हुड़दंग मचाना शुरू किया तो रुकने का नाम नहीं लिया। इसके बाद चाराें रिवालसर बाजार पहुंचे तो वहां भी अपनी हरकतों से न बाज आए। पता चलने पर पुलिस ने भी सबक सिखाने में देरी नहीं की। रिवालसर पुलिस चौकी प्रभारी की अगुवाई में पुलिस ने चाराें को पकड़ लिया तथा चौकी लाया गया। पुलिस ने बाइक को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस चाराें युवकों का मेडिकल करवा रही है। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए चौकी प्रभारी रिवालसर सुशील कुमार ने बताया कि शुक्रवार को चाराें युवक नशे में थे तथा हुड़दंग मचा रहे थे। जिस पर चाराें को गिरफ्तार कर लिया गया है। चारों का मेडिकल करवाया जा रहा है। सचेत किया कि इस तरह के मामलों में युवकों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस दोषियाें के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।