मंडी। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए डीसी के निर्देश पर नगर परिषद की ओर से लगाई गई यलो लाइन चौबीस घंटे भी नहीं टिक पाई। शहर के चौहट्टा बाजार और अन्य स्थानों पर रेहड़ी-फहड़ी के लिए चिन्हित स्थान को यलो लाइन से मार्क किया है।
मंडे मीटिंग में डीसी देवेश कुमार ने नगर परिषद के अधिकारियों को शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए चिन्हित स्थानों पर यलो लाइन लगाने के लिए निर्देश दिए थे। इस पर अमल करते हुए नगर परिषद मंडी ने मंगलवार सुबह चौहट्टा बाजार में चिन्हित स्थानों पर यलो लाइन लगाई थी लेकिन यलो लाइन पर लगाया पेंट चौबीस घंटे के भीतर ही मिट गया। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव से हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। प्रशासन की ओर से रेहड़ी, फहड़ी, ऑटो रिक्शा और दुपहिया वाहनों के लिए शहर की कुछ जगहों पर स्थान चिन्हित किए हैं। चिन्हित स्थानों पर यलो लाइन लगाई गई है। लाइन से बाहर कोई भी रेहड़ी फहड़ी और वाहन खड़ा नहीं कर सकता।
एकदम वाहन चलाने से दिक्कत
नप मंडी के कनिष्ठ अभियंता प्रवीण शर्मा ने कहा कि शहर में यलो लाइन नप के माध्यम से लगाई है। यलो लाइन पर लगाया पेंट सूखने से पहले ही उसके ऊपर वाहन और लोग चलने लगते हैं। इससे पेंट मिट जाता है। कहा कि नेशनल हाइवे पर जेब्रा क्रासिंग पर लगने वाला पेंट लोकल मार्केट में नहीं मिलता।