पंडोह (मंडी)। जिला मंडी कांग्रेस के अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर ने पंचायत शिवा, नागधार और दयोरी पंचायतों का पैदल दौरा कर प्रतिभा सिंह के लिए वोट मांगे। शनिवार को प्रेसवार्ता में पूर्ण चंद ठाकुर ने कहा कि आज देश में भाजपा के नेता भगवान राम और शिव के नाम पर वोट मांग रहे हैं। लेकिन अब तो वे स्वयं ही भगवान बन बैठे हैं। गुजरात में पटेल की मूर्ति के नाम पर टनों लोहा और करोड़ों रुपया इकट्ठा कर चुनाव में लगाया जा रहा है। एक तरफ भाजपा भ्रष्टाचार की बात करती है, वहीं खुद भ्रष्टाचार की दलदल में धंसी हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का कोई भी दल मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का मुकाबला नहीं कर सकता है। उनके नेतृत्व में प्रदेश हर क्षेत्र में प्रथम रहा है। वीरभद्र सिंह और कौल सिंह के दिशानिर्देश में प्रदेश तथा द्रंग में भारी विकास हुआ है। देश और प्रदेश के विकास में भाजपा का कोई योगदान नहीं है। प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने अपने मंत्रिमंडल में सरदार पटेल को गृहमंत्री बनाया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वीरभद्र का जादू चलेगा और चारों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी भारी मतों से जीत हासिल करेंगे। इस अवसर उनके साथ ठाकुर दास भंडारी, प्रताप राणा, मान सिंह ठाकुर, कर्म चंद, इंद्रपाल प्रधान शिवा और शेर सिंह ठाकुर मौजूद रहे।