मंडी। जिले की बल्ह घाटी के गांव लुणापानी के 38 वर्षीय नरेंद्र सिंह गुलेरिया की ईराक में मौत हो गई है। इसकी सूचना परिवार वालों को बीती रात ही मिली। मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना बताया गया है। नरेंद्र सिंह गुलेरिया ईराक के खुर्दीस्तान में चालक के तौर पर काम कर रहे थे। वह डेढ़ साल पहले ही विदेश गए थे। नरेंद्र के पिता बलबीर सिंह गुलेरिया ने बताया कि बीती रात उन्हें इस बारे में फोन पर सूचना मिली। खबर सुनकर पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नरेंद्र के घर में पत्नी के अलावा एक 13 साल की लड़की भी है। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि उसके शव को भारत लाने के लिए कई तरह की औपचारिकताएं करनी पड़ेंगी। इनमें काफी समय लग सकता है। माना जा रहा है कि शव लाने में दस दिन से ज्यादा का वक्त लग सकता है। मृतक के चाचा कुलदीप गुलेरिया ने बताया कि इस बारे में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, विधायक प्रकाश चौधरी, रेजीडेंट कमीशनर दिल्ली, केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय और ईराकी दूतावास दिल्ली को भी एक पत्र लिखकर आग्रह किया है कि नरेंद्र के शव को मंडी लाने में उनकी मदद की जाए।