नाहन (सिरमौर)। मौसम में बदलाव आने एवं गर्मी बढ़ने से क्षेत्रीय अस्पताल नाहन में उल्टी दस्त एवं बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। अस्पताल में प्रतिदिन डेढ़ से दो दर्जन मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। डॉक्टर मरीजों का चेकअप कर उन्हें दवाई देकर घर भेज रहे हैं। अस्पताल में पहुंचने वाले अधिकतर मरीज आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हैं। शुक्रवार को बुखार, उल्टी एवं दस्त से पीड़ित करीब डेढ़ से दो दर्जन मरीज इलाज को पहुंचे।
डॉक्टरों ने मरीजों को सलाह दी है कि वह ऐसे मौसम में ताजा सब्जी एवं फलों का प्रयोग करें। अधिक पके हुए फल एवं बासी भोजन न खाएं। साथ ही पीने के लिए साफ सुथरे पानी का इस्तेमाल करें।
विज्ञापन
उधर इस संबंध में डॉक्टर प्रवेश अग्रवाल ने बताया कि जिला में दिन प्रतिदिन गर्मी बढ़ने से उल्टी दस्त एवं बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। उनके पास इसके अलावा बीपी, शुगर एवं हार्ट के मरीज भी इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।