सोलन। जिला सोलन में पांच लाख से अधिक सालाना टर्नओवर करने वाले चाय, हलवाई, ढाबा और फास्ट फूड वाले वैट की जद में आएंगे। आबकारी एवं कराधान विभाग ने सर्वे शुरू कर दिया है। जिला भर में इस तरह के सर्वे को अंजाम दिया जाएगा। सोलन में यह प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बद्दी, नालागढ़ और अन्य स्थानों पर भी इस प्रक्रिया अंजाम दिया जाएगा। अधिसूचना के बाद आबकारी एवं कराधान विभाग ने यह कार्रवाई शुरू की है।
04 से पांच लाख की मिली है छूट
इससे पहले चार लाख की टर्नओवर वाले चाय, ढाबा, टी स्टाल और वैट के दायरे में आते थे, लेकिन प्रदेश सरकार ने अब इस टर्न ओवर को एक लाख बढ़ाकर राहत दी है। इसे पांच लाख रुपये कर दिया गया है।
सोलन शहर में सर्वे शुरू
सोलन शहर में इस संबंध में सर्वे शुरू कर दिया गया है। विभाग की टीम सोलन में कई स्थानों पर सर्वे को अंजाम देने में लगी हुई है। इस दौरान संबंधित कारोबारियों की रोजाना सेल चैक की जा रही है। ऐसे में टैक्स के दायरे से छूट रहे कारोबारी इसकी जद में आएंगे।
पांच से दस हजार रोजाना सेल वाले पकड़े
सोलन। सर्वे अभियान में पांच से दस हजार रोजाना सेल वाले मामले भी आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने पकड़े हैं। लिहाजा सरकारी निर्देशों की अनुपालना हो, इसके लिए सोलन में काम शुरू हो चुका है।
समय समय होता है सर्वे
एईटीसी डा सुनील कुमार का कहना है कि समय-समय पर सर्वे होता रहता है। इस दौरान टैक्स के दायरे में आने वाले कारोबारियों को टिन नंबर लेने की सलाह दी जाती है। अन्यथा कार्रवाई की जाती है।