बद्दी (सोलन)। बद्दी पुलिस ने खरूनी के समीप एक तीस वर्षीय युवक की शव बरामद किया। मृतक युवक का शव खरूनी के समीप पुल के नीच खड्ड में पानी में पड़ा हुआ था। मृतक के शरीर पर कहीं कोई चोट का निशान नहीं है। शव के समीप मादक पदार्थ और मृतक की जेब में मादक पदार्थ के टीके बरामद हुए हैं जिससे प्रतीत होता है कि युवक की अधिक नशा करना मौत का कारण बना है। मृतक शिनाख्त उसके जेब में मिले वोटर कार्ड से हुई है। मृतक उत्तर प्रदेश के उनाव जिले के हसनपुर गेरवा गांव का रहने वाला आशीष कुमार है। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है। उनके आने के बाद ही मृतक का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस के अनुसार कुछ लोगों ने सुबह खरूनी के साथ लगते पुल के नीचे खड्ड में पानी में एक युवक का शव देखा। जिस पर लोगों ने इसकी सूचना बद्दी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर क्षमादत्त मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने शव को कब्जे में लिया। डीएसपी अमित शर्मा ने बताया कि मृतक व्यक्ति उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। मृतक की जेब से मिले वोटर कार्ड से उसकी शिनाख्त हुई है। मृतक की जेब से मादक पदार्थ के दो इंजेक्शन मिले हैं। जबकि जिस स्थान पर शव मिला वहां पर तीन इंजेक्शन खाली मिले हैं। शरीर पर कहीं को चोट का निशान नहीं है। शव करीब तीन दिन पुराना है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि मृतक इस क्षेत्र में कहां काम करता था। उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके आने पर ही सही जानकारी मिल पाएगी। मृतक का बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उसके बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।