सोलन में फिर खुली आईपीएच की पोल
सोलन। लो वोल्टेज की समस्या का बखान कर रहे आईपीएच विभाग की पोल एक बार फिर खुल गई है। गिरि में पानी की लीकेज की समस्या पैदा हो गई है। खुद आईपीएच विभाग के अधिकारी इसकी पुष्टि कर रहे हैं। शहर में अश्वनी खडड् और गिरि दोनों योजनाओं से भरपूर सप्लाई का दावा किया जा रहा है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले दस दिनों से पानी नहीं है। पानी के लिए लोग काफी परेशानी झेल रहे हैं। विभाग को कोसने के सिवाय ग्रामीणों के पास अन्य कोई चार नहीं बचा है।
ग्रामीण क्षेत्रों के पानी की बूंद-बूंद के लिए तरह रहे हैं। लोग अपने निजी वाहनों से पानी लाने पर मजबूर हैं। 10 दिन बीतने के बाद भी 18 पंचायतों के लोग पानी के इंतजार में हैं। अधिकांश रबौण के अलावा कुमारहट्टी, बड़ोग, धर्मपुर, परवाणू, जाबली, बोहली, भोजनगर, जोहड़जी, कथेड़ और पड़ग आदि क्षेत्रों में अभी तक गिरि योजना से सप्लाई नहीं दी जा रही है। ग्रामीण राजेश कुमार, संजय, सुरेंद्र सिंह, कृष्ण दत्त, महेंद्र बंसल, ललित ठाकुर, विकास शर्मा, अमर सिंह ठाकुर, संदीप कुमार, पूनम कुमारी, सुमित्रा देवी और ललिता कुमारी आदि ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए स्थानीय योजनाओं से भी पानी नहीं आ रहा। वहीं आईपीएच विभाग ने गिरि योजना से सप्लाई रोक दी है। शहर में अधिकारियों व धौंस जमाने वाले नेताओं के दम पर पानी पहुंच रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में विभाग मनमर्जी कर रहा है। शहर में पानी की सप्लाई दुरुस्त कर दी गई है। सभी क्षेत्रों में पानी पहुंचाया जा चुका है। गिरि योजना से भरपूर पानी पहुंच रहा है।
21 लाख गैलन पानी पहुंचा
शहर में नप पार्षदों व अधिकारियों के दबाव से भरपूर सप्लाई दी जा रही है। मंगलवार को भी गिरि योजना से नगर परिषद को करीब 13.50 लाख गैलन पानी दिया गया। इसके अतिरिक्त अश्विनी खड्ड से भी रोजाना 7.50 लाख गैलन के करीब पानी आता है। शहर में लगातार चार दिनों से पेयजल सप्लाई को दुरुस्त किया जा रहा है। सभी घरों में पानी पहुंच चुका है।
गिरि में भारी लीकेज: एसडीओ
उधर, आईपीएच विभाग के गिरि योजना इंचार्ज एसडीओ अशोक धीमान ने कहा कि मंगलवार को पानी की मुख्य पाइपों में लीकेज की समस्या फिर पैदा हो गई है। काफी मात्रा में पानी बर्बाद बह रहा है। पानी गांव तक पहुंचने की गारंटी नहीं है।
लो वोल्टेज की समस्या दुरुस्त : ढढवाल
एसई विद्युत बोर्ड पंकज ढढवाल का कहना है कि लो वोल्टेज की समस्या नहीं है। गिरि में पानी की लिफ्टिंग के लिए जरूरी सप्लाई मुहैया करवाई जा रही है। पाइपों में भारी लीकेज के चलते पानी लिफ्ट नहीं हो पा रहा है।
शिकायतों पर उल्टा जवाब
अधिशासी अभियंता के कार्यालय के बगल में स्थापित शिकायत कक्ष में बैठे कर्मचारी शिकायत करने वालों से ही उलझ रहे हैं। संबंधित अधिकारियों को भी इसकी शिकायतें मिल चुकी हैं। लोगों का दावा है कि फोन पर सही ढंग से शिकायत नहीं सुनी जा रही हैं। वहां पहुंचने पर भी शिकायतों को किनारे रखकर उल्टे अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। इस संबंध में कनिष्ठ अभियंता एएन सिंह ने कहा कि इस तरह की शिकायतें मिली हैं। इसकी जांच होगी तथा कार्रवाई की जाएगी।
की मैन तो घर में ही बैठे हैं
ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं पानी की समस्या कहीं है तो कहीं खुद ब खुद की जा रही है। चहेतों को जैसे न तैसे पानी मिल ही जा रहा है। आईपीएच ने पानी छोड़ने वाली कर्मचारियों की ड्यूटी उनके गृह क्षेत्र में जो लगा रखी हैं। कहीं दोस्त तो कहीं सगे संबंधी वहां पानी पहुंच रहा है। ऐसे में गृह क्षेत्र में बैठे की मैन को भी बदलने की मांग ने जोर पकड़ा है।