सोलन/ नालागढ़ (सोलन)। कॉलेजों में 25 फीसदी फीस बढ़ोतरी के प्रस्ताव और रूसा के विरोध में सोलन और नालागढ़ में एसएफआई ने विवि प्रशासन के खिलाफ हल्ला बोला। नालागढ़ में प्राचार्य को इस संबंध मेें ज्ञापन सौंपा गया। स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) कार्यकर्ताओं का कहना है कि हिमाचल विवि प्रशासन के लिए गए फैसलों से प्रदेश के गरीब तबके के हजारों छात्र उच्च शिक्षा ग्रहण करने से महरूम हो जाएंगे।
सोलन कालेज में एसएफआई के परिसर अध्यक्ष राजेंद्र लाल्टा, रॉकी के अलावा अजय, प्रतिभा, ज्योति, रुचि, सिल्की, अजय कौशल मौजूद रहे। इस दौरान एसएफआई की कॉलेज इकाई ने स्थानीय मुद्दे भी उठाए। कहा कि क्लास रूम में ट्यूब लाइटों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। बीसीए लैब का न खुलना, गर्ल्स कामन रूम न होने, बीबीए ब्लाक की खस्ताहालत, शौचालयों की नियमित सफाई न होने के मुद्दे उठाए। दूसरी ओर नालागढ़ कॉलेज में एसएफआई अध्यक्ष पवन कुमार, सचिव अंशिल कश्यप, आनंद सिंह, हरिओम, शुभम, गुरमीत सिंह, पृथ्वी राज आदि मौजूद रहे। प्राचार्य डा. द्वारिका धरेला ने कहा कि एसएफआई के ज्ञापन को आगामी कार्रवाई के लिए सरकार को प्रेषित किया जाएगा।
अहम मुद्दे
एचपीयू का 25 फीसदी फीस वृद्धि का प्रस्ताव छात्र विरोधी है। गरीब स्टूडेंट कहां जाएंगे।
स्नातक कक्षा में रूसा प्रणाली लागू करना शिक्षा विरोधी है। इससे पढ़ाई जटिल हो गई है।
प्रदेश विवि में प्रतिनियुक्ति पर लाए गए अध्यापक भी यूजीसी की सिफारिशों के खिलाफ।