सोलन। सर्कुलर रोड पर बिजली बोर्ड के दफतर में रात्रि ड्यूटी के दौरान खूब दारू गटक ली और अंदर से कुंडी लगाकर जनाब सो गए। सुबह आंखें नहीं खुली और कार्यालय खुलने का समय हो गया। शुक्रवार बिजली बिल की आखिरी तिथि होने के कारण लोग और स्टाफ एकत्र हो गए। वहीं मौके पर अधीक्षण अभियंता धीरज मित्तल भी पहुंचे। इसकी सूचना बिजली हेड ऑफिस भेज दी है। सुबह 10.30 तक दरवाजा खोलने की पूरी कोशिश हुई। तो अनहोनी का अंदेशा देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्यालय का दरवाजा जबरन खोला और अंदर जाकर रात्रि ड्यूटी पर सोए कर्मचारी को जगाया। पुलिस ने कर्मचारी का मेडिकल करवाकर रपट डाली है। वहीं मामला बिजली बोर्ड के अधिकारियों को भी सुपुर्द कर दिया है। इस दौरान लोगाें को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, एसएचओ सोलन अनिल धौल्टा ने कहा कि कर्मचारी का मेडिकल करवाया गया है। आगामी कार्रवाई विभाग करेगा। उधर, बिजली बोर्ड के एसडीओ ब्रजेश ठाकुर ने कहा कि इस मामले की सूचना आला अधिकारियों को सौंप दी है। आगामी कार्रवाई वहीं करेंगे।
बाइक हादसे में दो गंभीर
कंडाघाट (सोलन)। होटल डेस्टिेनशन के समीप एक बाइक हादसें में दो युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। बाइक स्किड होने के कारण यह हादस पेश आया। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार देने के साथ ही कंडाघाट अस्पताल पहुंचाया। घायलों में 18 साल का सूरज और प्रियांश शामिल हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।