दो माह से वेतन नहीं मिलने पर बिफरे
नौणी (सोलन)। नौणी विवि अनुबंध कर्मचारियों ने दो माह से वेतन न मिलने और लंबित पड़ी मांगों को लेकर विवि प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को अनुबंध कर्मचारी संघर्ष समिति ने एटक के बैनर तले विरोध रैली निकाली और मांगों को पूरा करने की मांग की।
रैली को संबोधित करते हुए एटक उपाध्यक्ष अनूप पराशर ने कहा कि विवि प्रशासन कर्मचारियों का शोषण कर रही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मांगों को लेकर दिसबंर 2013 में कर्मचारियों की ओर से एक मांग पत्र सौंपा गया था। जिसकी एक प्रतिलिपि श्रम विभाग को भी सौंपी थी, लेकिन आठ माह बीत जाने के बाद भी मांगों को लेकर कोई समझौता नहीं हुआ है। प्रदेश सरकार की 28 मई 2014 की अधिसूचना के अनुसार को न्यूनतम वेतन दिया जाना है, लेकिन विवि ने जुलाई माह और इस माह को वेतन नहीं दिया है। वहीं एरियर भी नहीं मिला है। कर्मचारियाें का कहना है कि यदि वेतन नहीं मिला तो आंदोलन तेज करेंगे। इस मौके पर समिति प्रधान शैलेंद्र तोमर, हेमराज, पूनम कुमारी, रमेश कुमार, महेंद्र सिंह, रिता ठाकुर, संदीप कुमार और प्रदीप सहित अन्य मौजूद रहे।