दून के पट्टा नाली के केंडोंल में खुले शराब के ठेके का महिलाओं ने कड़ा विरोध किया है। सोमवार को पंचायत प्रधान के नेतृत्व में महिलाओं ने एडीएम संदीप नेगी से मुलाकात कर गांव से तुरंत ठेका हटाने की मांग की। महिलाओं ने कहा कि कंडोल में ठेका खुलने से गांव का माहौल खराब हो रहा है। युवा पीढ़ी नशे की चपेट में आ रही है। इससे गांव की महिलाएं परेशान हैं। युवा भी अब नशे की चपेट में आने शुरू हो गए हैं।
पंचायत प्रधान आशा कंवर ने एडीएम को बताया कि जहां पर विभाग ने ठेका खोला है, वह सार्वजनिक स्थान पर है। यहां पर हर रोज लोगों का आना जाना लगा रहता है। पंचायत ने पहले ही प्रस्ताव पारित कर केंडोल के इस ठेके के बंद करने की बात कही है। विश्व महिला दिवस पर भी करीब छह दर्जन महिलाओं ने पंचायत में आकर शिकायत दर्ज कराई थी।
महिलाओं ने 31 मार्च से पहले ठेका हटाने का अल्टीमेटम दिया था जिसे ‘अमर उजाला’ ने प्राथमिकता से उठाया था। ठेके के विरोध में गांव रुगी डोरा भोगपुर, केडोल, धनयोण, कतलोह, धमरोट और धार आदि गांव की चार दर्जनों महिलाओं ने अतिरिक्त उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। एडीएम संदीप नेगी ने महिलाओं का आश्वासन दिया था। उनकी शिकायत पर अमल करते हुए आबकारी एवं कराधान विभाग के आयुक्त को आगामी कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। महिलाओं की भावनाओं को नजर अंदाज नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर कांग्रेस सेवा दल के संरक्षक घनश्याम कंवर, बीडीसी की चेयरमैन नीता कुमारी, पूर्व बीडीसी सीता देवी, कमला देवी, राम प्रताप, सुनीता देवी, रामप्यारी, शकुंतला, रचना देवी, अमरावती, राम कृष्ण, पप्पी राम, अमरी देवी, मंजीत, सुमन, बचनी देवी, सत्या देवी, शांति, सतीश, बबली, लक्ष्मी, भागवंती, शकुंतला, ममता, कमलेश और किरण समेत भाग लिया।