एप डाउनलोड करें
विज्ञापन

ननावीं-धुंदला-गलोड़ लिंक रोड क्षतिग्रस्त

Una Updated Thu, 20 Sep 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

बंगाणा (ऊना)। धुंदला पंचायत के गांव ननावीं में भारी बारिश के चलते काफी नुकसान हुआ है। ननावीं-धुंधला-गलोड़ वाया फाहल हमीरपुर लिंक रोड बारिश से कई जगह से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। जिसके चलते ननावीं गांव के लोगों को मुसीबत हो गई है। लिंक रोड पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे पड़ गए हैं, जिन्हें स्कूल जाने वाले छोटे बच्चे बगैर किसी के सहारे पार नहीं कर सकते हैं। गांव वालों की गाड़ियां गांव में ही रह गई हैं। लिंक रोड की हालत ऐसी है कि गाड़ी तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। धुंदला पंचायत के उपप्रधान निर्मल कौशल ने बताया कि 10 दिन पहले भी भारी बारिश के चलते ननावीं लिंक रोड बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। उस समय बंगाणा उपमंडल के एसडीएम केसी चौधरी ने मौके पर जाकर सड़क का जायजा लिया और लोनिवि को तुरंत लिंक रोड को ठीक करने के आदेश दिए थे। विभाग ने बगैर देरी किए उक्त रोड को मशीन भेज कर दुरुस्त करने का कार्य आरंभ कर दिया था। लेकिन, सोमवार की रात तेज बारिश से ननावीं लिंक रोड को इतना बुरी तरह से क्षतिग्रस्त किया कि उस पर गाड़ी चलाना तो दूर पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं। स्थानीय निवासी वार्ड पंच विजय कुमार, रमेश कुमार, डा. देवी दास शर्मा, ज्योति प्रकाश शर्मा, सौरभ शर्मा, राजेंद्र कुमार तथा प्रकाश चंद ने बताया कि यह लिंक रोड एक बड़े नाले के साथ बना हुआ है। बरसात के समय तेज बारिश के चलते नाले में पानी का बहाव इतना तेज होता है कि पानी नाले से बाहर होकर लिंक रोड से बहने लगता है, जिस कारण लिंक रोड बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो जाता है। उन्होंने बताया कि पानी के तेज बहाव के चलते नाले के पास बने रिहायशी मकानों को भी हर समय खतरा बना रहता है। ननावीं में नाले के साथ ही रहने वाली आशा देवी ने बताया कि सोमवार को उन्होंने अपने एक बेटे तथा दो बेटियों के साथ पूरी रात जाग कर बिताई। पानी कभी भी उनके मकान को अपने चपेट में ले सकता था। उन्होंने बताया कि नाले का पानी उनके घर के आंगन तक पहुंच रहा था। जिससे उनके बच्चे काफी भयभीत हो रहे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें