ऊना। शहर में स्थित ट्रक यूनियन कार्यालय के बाहर मंगलवार सुबह सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के फौरन बाद युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। जबकि मामले के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह 30 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र आेंकार शर्मा निवासी अरनियाला रोजमर्रा की तरह ही घर से काम पर जाने के लिए अपनी अप्लाइड फार बाइक पर निकला। शहर के ट्रक यूनियन के समीप पहुंचते ही प्रदीप कुमार की बाइक स्किड हो गई और वह बुरी तरह घायल होने के चलते अचेत हो गया। स्थानीय लोगों ने फौरन प्रदीप को उठाकर क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक जिला मुख्यालय के ही एक निजी अस्पताल में लैबोरेटरी टेक्नीशियन का काम करता था। ऊना पुलिस ने संजीव कुमार पुत्र विक्रम सिंह निवासी अप्पर अरनियाला की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 279, 304 ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी सुमेधा द्विवेदी ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने हादसे के संदर्भ में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।