ऊना। छिन्नमस्तिका धाम चिंतपूर्णी में 30 दिसंबर 2012 से 2 जनवरी, 2013 तक नव वर्ष मेला लगेगा। मेले के दौरान मंदिर में सभी प्रकार के पॉलीथिन और थर्मोकोल से बने उत्पादों के प्रयोग पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा इस अवधि के दौरान चिंतपूर्णी मंदिर परिसर और अन्य धार्मिक स्थलों में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी और कड़ी निगरानी बरती जाएगी। एसडीएम अंब अश्विनी रमेश मेला अधिकारी एवं डीएसपी अंब विजय सकलानी मेला पुलिस अधिकारी होंगे। यह जानकारी उपायुक्त एवं मंदिर आयुक्त संदीप कदम ने चिंतपूर्णी में नव वर्ष मेले के सुरक्षा प्रबंधों और अन्य इंतजामों के लिए बुलाई बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटा जाएगा और प्रत्येक सेक्टर में एक कार्यकारी दंडाधिकारी की नियुक्ति की जाएगी। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के चलते मंदिर में नारियल चढ़ाने पर पाबंदी रहेगी। मंदिर में चोर दरवाजे से एंट्री पर भी सख्ती से रोक लगाई जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुलभ शौचालय भी स्थापित किए जाएंगे। मेले के दौरान क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और इसके लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 100 पुलिस के जवानों के अतिरिक्त 150 होम गार्डस के जवान तैनात रहेंगे।
उपायुक्त ने मेला अवधि के दौरान चिकित्सा सुविधाओं एवं दवाइयों, विद्युत और जलापूर्ति, यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। चिंतपूर्णी के सभी होटल मालिकों से भी अपील की है कि वे अपने होटलों में क्लोज सर्किट कैमरे लगाएं ताकि समाज विरोधी तत्वों और अवांछित गतिविधियों पर कड़ाई से रोक लगाई जा सके। बैठक में एडीएम राकेश शर्मा, एसडीएम अंब अश्वनी रमेश, एसडीएम देहरा एसके पराशर, मंदिर अधिकारी अवनीश शर्मा, डीएसपी अंब विजय सकलानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मंदिर न्यासी उपस्थित थे।