अंब (ऊना)। दिल्ली में देश को शर्मसार करने वाली गैंगरेप की वारदात को लेकर हर वर्ग में जमकर गुस्सा भर गया है। चलती बस में युवती से सामूहिक दुराचार के आरोपियों को सरेआम फांसी देने की मांग अंब उपमंडल के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी उठा डाली है। शनिवार को अंब में रैली निकालकर उन्होंने यह मांग की। शनिवार को अंब की सड़कों पर हाथों में बैनर लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पीड़ित युवती को न्याय दिलाने की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने आरोपियों को जल्द से जल्द सरेआम फांसी देने की मांग की है। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में सुमन, मधु बाला, प्रवीण कुमारी, अखिलेश कुमारी, आराधना, किरण, मंजु, कुसुम, अंजना, पार्वती के अलावा उपमंडल में कार्यरत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।