ऊना। भारत और इंग्लैंड की टीमों के बीच 27 जनवरी को धर्मशाला स्टेडियम में होने वाले एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर खेल प्रेमियों में खूब जोश है। युवा अधिक उत्सुक नजर आ रहे हैं। जिला मुख्यालय के जीवन मार्केट स्थित वन-डे मैच के टिकट काउंटर पर धीरे-धीरे भीड़ जुटनी आरंभ हो गई है। भारत और इंग्लैंड के बीच हिमाचल में होने वाली एक दिवसीय भिड़ंत को देखने के लिए सैकड़ों खेल प्रेमी लालायित हैं। ऊना में टिकट काउंटर के संचालक भूदेव लखनपाल ने बताया कि सोमवार को मैच के टिकट के लिए लगभग पांच दर्जन लोगों ने दिलचस्पी दिखाई। सभी को ऑन लाइन सिस्टम के तहत टिकट प्रदान किए जा रहे हैं। अभी तक ऊना में बिके टिकट 80 फीसदी युवाओं ने खरीदे हैं। युवाओं में पंकज राणा, सुशील कुमार, रणदेव सिंह, विक्रम पाठक, राजन कुमार, पवन सैणी का कहना है कि देवभूमि में हो रहे पहले एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच के गवाह बनकर उन्हें बेहद खुशी होगी।