संतोषगढ़ (ऊना)। नगर के संतोषगढ़ एसडी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रविवार को अध्यापक-अभिभावक संघ की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें प्रधानाचार्य आरपी शर्मा, उपप्रधानाचार्य इकबाल सिंह सिद्धू, एसडी सभा के पदाधिकारी शिवकांत पराशर, विक्रम चब्बा, नरेश कुमार चब्बा सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। प्रधानाचार्य आरपी शर्मा ने बच्चों के अभिभावकों को कहा कि वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं और अपने बच्चों का खूब ध्यान एवं मार्गदर्शन करें, ताकि बच्चे परीक्षाओं में अच्छे अंक लेकर उत्तीर्ण हो सकें। आज का युग प्रतियोगिता का युग है और बच्चों को आने वाले समय में हर समय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार रहना चाहिए। आगामी वर्ष के लिए भी शिक्षकों की ओर से बच्चों के सफल मार्गदर्शन को रूपरेखा तैयार की जा चुकी है। इस वर्ष स्कूल में बच्चों की भलाई के लिए कई विकास कार्य करवाए गए हैं और बच्चों को चंडीगढ़ की तर्ज पर स्कूल स्तर पर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है, जिसके चलते उनके विद्यालय के विद्यार्थी देश के अग्रणी महाविद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्हाेंने कहा कि उनके विद्यालय के बच्चों का देश के बडे़-बड़े कालेजों में जाने से विद्यालय के साथ साथ संतोषगढ़ नगर का नाम भी पूरे भारत वर्ष में रोशन हुआ है। इस मौके पर बच्चों के अभिभावकों ने भी विद्यालय से संबंधित हर विषय पर अपने विचार प्रधानाचार्य और स्कूल प्रबंधन कमेटी के साथ साझा किए।