ऊना। क्षेत्र के डंगेहड़ा में लोक निर्माण विभाग के कारनामे के कारण एक पूरा परिवार खतरे में पड़ गया है। उक्त परिवार के रिहायशी भवन के साथ लगी मिट्टी को विभाग के कर्मचारियों ने रोड पर सोलिंग कर डाल दिया जिससे उक्त भवन की नींव भी बाहर आ गई है। इससे पूर्व भी डंगे से मिट्टी हटाने के चलते उक्त भवन को नुकसान हो चुका है। डंगेहड़ा निवासी रामलोक ने बताया कि लोनिवि ने उनके डंगे से सटी मिट्टी को बिना बताए उठा लिया है। इससे पूर्व भी विभागीय कर्मियों के ऐसे ही कारनामे से उन्हें नुकसान हो चुका है। उन्होंने विभाग के खिलाफ गहरा रोष जताते हुए मामले को प्रशासन के समक्ष उठाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इससे उनके रिहायशी भवन के साथ परिजनाें को भी खतरा बढ़ गया है।
उधर, लोनिवि के एसडीओ जीएस राणा ने बताया कि उक्त परिवार की परेशानी ध्यान में लाई गई है। विभाग जल्द ही डंगे को पक्का कर उनकी परेशानियों को दूर करेगा।