ऊना। ट्रिपल राइडिंग करने वाले लोगों के मन में भले ही नियम और कानून को लेकर पुलिस का डर पैदा हो गया हो, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज आते नहीं दिख रहे हैं। हाईवे पर पुलिस की ओर से चालान काटे जाने के भय से अब इन्होंने शहर के तंग बाजारों और अन्य शॉर्ट कट रास्तों को अपनाना शुरू कर दिया है। उनका मानना है कि कुछ दिन तक पुलिस इस मामले में सख्ती करेगी, लेकिन धीरे-धीरे सब कुछ सामान्य हो जाएगा और हाईवे पर भी ट्रिपल राइडिंग करने में कोई परेशानी नहीं होगी।
स्थान : मेन बाजार ऊना। समय : मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे। स्कूलों में पहुंचने की होड़ लगी थी। माध्यमिक से वरिष्ठ माध्यमिक कक्षाओं में पढ़ने वाले नाबालिग छात्र पुलिस के डर से स्कूल जाने के लिए रोजमर्रा की तरह हाईवे को छोड़ कर तंगहाल बाजारों में ट्रिप्पल राइडिंग करते हुए बाइक को सरपट दौड़ाते फिर रहे थे। यही नहीं कई बाइकों पर भारी-भरकम स्कूल बैग लिए चार-चार छात्र भी सवार थे। हैरत की बात यह है कि कुछ अभिभावक भी उनकी हौसला आफजाई करते हुए पुलिस से न डरने की सलाह देते हुए बाजारों की बजाय हाईवे से जाने की सलाह दे रहे थे। वहीं, दोपहर लगभग डेढ़ बजे के करीब शहर की डीसी कालोनी, रोटरी गली और गुरुसर मोहल्ला में भी कई लोग हाईवे को छोड़ कर गलियों में ट्रिप्पल राइडिंग करते हुए देखे गए।
एसपी ऊना केसी शर्मा ने कहा कि बच्चे वही करेंगे, जो उनके माता-पिता उन्हें सिखाएंगे या उन्हें संस्कार देंगे। अभिभावकों को दो बातों का खास ख्याल रखना चाहिए कि नाबालिगों को किसी प्रकार का वाहन न चलाने दें। यह भयंकर हादसों का सबब बन सकता है। इसमें आपके बच्चों के अतिरिक्त अन्य राहगीरों की जान भी जा सकती है। ऐसे चालकों के पकड़े जाने पर उनके अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने अन्य लोगों से भी ट्रिप्पल राइडिंग न करने का आह्वान किया है। उन्होंने रविवार देर रात ट्रिपल राइडिंग के कारण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन युवकों का उदाहरण देते हुए कहा कि ट्रिप्पल राइडिंग किसी के लिए भी खतरनाक साबित हो सकती है। इसलिए किसी भी मजबूरी में इसका कतई सहारा न लें।