मैड़ी (ऊना)। राष्ट्रीय उच्च मार्ग-70 पर चल रहे निर्माण कार्य के चलते सड़क को चौड़ा करने के लिए अंब-नैहरियां रोड पर दर्जनों दुकानों के छज्जे गिराए गए। मंगलवार को इसी कडी के तहत अंब-नैहरियां मार्ग पर दोनों किनारों की दर्जनों दुकानों पर जेसीबी की मार पड़ी। कई दुकानों के आगे से बरामदे तो कईयों के थडों को तोड़ा गया। कई दुकानदारों को खुद ही अतिक्रमण हटा लेने के लिए कुछ दिन का समय भी दिया गया है। सड़क प्रशासन की ओर से की जा रही इस कार्रवाई के बाद से व्यापारियों में रोष और निराशा का भाव है। वहीं सड़क को चौड़ा करने से कई व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हो गया है। उधर एनएच 70 के सहायक अभियंता एचजी कौशल ने बताया कि दुकानों के आगे किए अवैध अतिक्रमण को तोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई से पहले दुकानदारों को नोटिस भेजे गए थे, लेकिन कई दुकानदारों ने बावजूद इसे संजीदगी से नहीं लिया, जिसके बाद निर्माण कार्य के चलते स्वयं ही दुकानों के अवैध अतिक्रमण को हटाना पड़ा है।