बागपत के जौहड़ी गांव में किशोरी के अपहरण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अब इस मामले में हिंदू संगठन भी उतर आए हैं। बजरंग दल के जिला संयोजक विनोद खिंदौड़ा ने जौहड़ी गांव पहुंचकर किशोरी के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि हम एक बेटी के बदले दो बेटी उठा लाएंगे। कश्यप युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष कश्यप ने ऐलान किया कि यदि 5 जुलाई तक अपहृत किशोरी की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तो वे 6 जुलाई को बिनौली थाने पर आत्मदाह करेंगे।
कारवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। इस दौरान पहुंची पुलिस से लोगों की तीखी नोकझोंक हुई। आरोपों से बचने के लिए पुलिस ने कश्यप समाज को लोगों को अपने घरों में रहने की सलाह दे डाली। इस पर कश्यप समाज के लोगों में गुस्सा फैल गया। मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी है, जिसे देखते हुये गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
14 जून को जौहड़ी गांव का ही एक युवक ने इस किशोरी का अपहरण कर लिया था। इस मामले में जौहड़ी गांव में मंगलवार को पंचायत भी हुई थी। बुधवार को अपहृत किशोरी के भाई अनिल ने बताया कि इस मामले में बिनौली पुलिस उन्हें ही परेशान कर रही है। हल्के का दरोगा बार-बार उन्हें आरोपियों को पकड़ने के लिये कार लाने की बात करता है। जबकि आरोपी पक्ष के लोग उन्हें धमकियां दे रहे हैं।
सीओ बागपत कर्मवीर सिंह गांव पहुंचे और उन्होने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार से बंद कमरे में बात की और आश्वासन भी दिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो आरोपी जिसमें अपहृतकर्ता सोनू का भाई मोहसीन व ईनाम को गिरफ्तार कर लिया गया है। किशोरी की बरामदगी के लिये पुलिस की टीमें भेजी गई है। पुलिस ने दावा किया कि अपहृत किशोरी व अन्य दो आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।