प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत की सबसे आधुनिक रिफाइनरी का शिलान्यास करने 14 जनवरी को पचपदरा आएंगे। इसी के चलते बाड़मेर कलक्टर और एसपी बुधवार देर रात कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेकर वापस बाड़मेर लौट रहे थे। लेकिन रात्रि करीब 11 बजे नशे में धुत एक बोलेरो चालक ने कलक्टर की गाड़ी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कलक्टर की गाड़ी चार बार सड़क पर पलट गई और सड़क से नीचे उतर कर 15 फीट गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी में जिला कलक्टर शिवप्रसाद मदन और एसपी गगनदीप सिंगला सहित दो और लोग सवार थे। इस भीषण दुर्घटना में कलक्टर-एसपी सहित दो अन्य लोग घायल हो गए हैं।
बुरी तरह पिचक गई कार, स्थानीय लोगों की मदद से काटा
घायल एसपी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कलक्टर और एसपी जिस कार में सवार थे वह इतनी पिचक गई कि उनका निकलना मुश्किल हो गया। रात्रि में हुई दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को काटकर कलक्टर व एसपी व अन्य लोगों को बाहर निकाला।
कलक्टर व एसपी सहित सभी घायलों को सबसे पहले बायतू सीएचसी ले जाया गया। उसके बाद इन्हें बाड़मेर के जिला अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। जानकारी के अनुसार जिला कलक्टर व एसपी को सिर पर कंधे पर चोट आई है। जबकि कलक्टर की गाड़ी का चालक गंभीर घायल है जिसे जोधपुर अस्पताल रैफर किया गया।
अधिकारियों में मचा हड़कंप, पकड़ा गया ड्राइवर
घायल कलक्टर
घटना की सूचना मिलते है जिले के प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। देर रात तक बाड़मेर के जिला अस्पताल में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों का जमावड़ा लगा रहा।
वहीं जिला कलक्टर की गाड़ी के पीछे चल रही एसपी की गाड़ी के चालक ने बताया कि जिस वाहन ने टक्कर मारी है, उसके चालक ने शराब पी हुई थी और वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा था। आरोपी की पहचान हनीफ खान के निवासी बायतु के रूप में हुई है।