पुंछ। शुक्रवार को भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर देश की सुरक्षा में तैनात सेना की कृष्णा घाटी ब्रिगेड के अंतर्गत नियंत्रण रेखा के जलास सलोत्री क्षेत्र में तैनात सेना की तीन ग्रेनेडियर की तरफ से राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका विषय पर एक वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। जलास क्षेत्र के स्कूलों के दर्जन भर बच्चों ने प्रतियोगिता में भाग लेते हुए अपने विचार रखे।
शुक्रवार को 11 बजे भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा से सटे गांव जलास स्थित सेना की तीन ग्रेनेडियर ने अपने शिविर में एक वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन करवाया। जिसकी अध्यक्षता रेजीमेंट के कमांडिंग अधिकारी ने की जबकि जोनल शिक्षा अधिकारी एमएल चोपड़ा इसके मुख्य अतिथि रहे। हायर सेकेंडरी स्कूल घानी, हाई स्कूल जलास, मिडिल स्कूल जलास, मिडिल स्कूल किस्ती और बाबा गरीब दास एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने-अपने विचार रखते हुए इस बात पर बल दिया कि किसी भी राष्ट्र का निर्माण वहां के युवाओं पर ही निर्भर करता है। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण हेतु अपने दायित्व का बखूबी निर्वाह करना चाहिए ताकि हमारा देश सशक्त और उन्नत बन सके। अंत में सेना ने प्रतिभागियों के बीच पुरस्कार वितरित किए।